
प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, शासकीय श्रीमंत माधवराज सिंधिया स्नातकोत्तर महाविद्यालय, शिवपुरी में आज एम.एससी. बॉटनी फाइनल के छात्र-छात्राओं द्वारा “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
यह कार्यक्रम महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. पवन कुमार श्रीवास्तव के मार्गदर्शन एवं ईको क्लब की प्रभारी डॉ. मंजू वर्मा के नेतृत्व में संपन्न हुआ। उल्लेखनीय है कि 15 जुलाई को महाविद्यालय के ईको क्लब का स्थापना दिवस भी मनाया गया था, जिसके उपलक्ष्य में पर्यावरण संरक्षण एवं जागरूकता से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
इस अवसर पर विद्यार्थियों ने फलदार एवं छायादार पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। सभी छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह एवं सक्रिय सहभागिता के साथ कार्यक्रम में भाग लिया तथा पौधों के संरक्षण एवं संवर्धन का संकल्प भी लिया।
महाविद्यालय परिवार ने विद्यार्थियों के इस सराहनीय प्रयास की प्रशंसा करते हुए सभी से अधिक से अधिक पौधे लगाने और पर्यावरण को स्वच्छ एवं हरित बनाए रखने का आह्वान किया।
